Voice of Eastern India

स्लग -17 दिन बाद कालिका मंदिर चोरी का खुलासा, छह आरोपी गिरफ्तार


न्यूज11 भारत बिहार डेस्क 
शंभू भगत / भागलपुर:
भागलपुर के नाथनगर थाना क्षेत्र स्थित शाहपुर कालिका मंदिर में हुई चोरी की गुत्थी को पुलिस ने 17 दिन बाद सुलझा लिया है। इस मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। चोरी में इस्तेमाल सीएनजी ऑटो और करीब ढाई सौ ग्राम चांदी के आभूषण भी बरामद किए गए हैं। पूरे मामले का खुलासा डीएसपी टू राकेश कुमार ने प्रेस वार्ता में किया।

नाथनगर थाना क्षेत्र के शाहपुर कालिका मंदिर में हुई चोरी की घटना के बाद एसएसपी के निर्देश पर डीएसपी टू राकेश कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम में डीआईयू, एसटीएफ, नाथनगर और कोतवाली थाना की पुलिस को शामिल किया गया। तकनीकी अनुसंधान के आधार पर पुलिस सबसे पहले घटना में प्रयुक्त सीएनजी ऑटो तक पहुंची और उसके चालक बादल कुमार को गिरफ्तार किया।

पूछताछ के दौरान बादल कुमार ने अपने साथियों के नाम बताए, जिसके बाद पुलिस ने अंजनी कुमार, बिट्टू कुमार, राजू कुमार, सोनू कुमार और छबील कुमार को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार अंजनी कुमार मंदिर के अंदर घुसा, ताला तोड़कर मूर्ति और अन्य सामान की चोरी की, जबकि बादल कुमार ऑटो लेकर बाहर इंतजार कर रहा था। चोरी के बाद मूर्ति और अन्य सामान को पीतांबर चौक के पास एक झाड़ी में प्लास्टिक के बोरे में छिपा दिया गया। वहीं चोरी के कुछ चांदी के आभूषण छबील कुमार नामक स्वर्णकार को बेच दिए गए थे।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दो टूटे हुए चांदी के मुकुट, एक झांप, कुल लगभग ढाई सौ ग्राम चांदी के आभूषण तथा घटना में प्रयुक्त सीएनजी ऑटो बरामद कर लिया है। डीएसपी टू राकेश कुमार ने बताया कि गिरफ्तार सभी आरोपियों के विरुद्ध आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।

इस कार्रवाई में नाथनगर इंस्पेक्टर अभय शंकर, कोतवाली इंस्पेक्टर राजीव रंजन सिंह, सब-इंस्पेक्टर नईम अहमद, विकास कुमार, डीआईयू एवं एसटीएफ की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मंदिर चोरी की गुत्थी सुलझने के बाद पुलिस ने इसे बड़ी सफलता बताया है।
 



Source link

Leave A Reply

Your email address will not be published.