जिले में बढ़ते अपराध के बीच दिवाली की रात बिरौल थाना क्षेत्र के पड़री गांव में हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है।
न्यूज11 भारत/पटना डेस्क: जिले में बढ़ते अपराध के बीच दिवाली की रात बिरौल थाना क्षेत्र के पड़री गांव में हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। आपसी विवाद में एक भतीजे ने अपने ही चाचा की गोली मारकर हत्या कर दी। मृतक की पहचान काशी कांत ठाकुर के रूप में हुई है, जबकि आरोपी की पहचान कुमोद ठाकुर के रूप में बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दिवाली की रात हुई इस वारदात के बाद पड़री गांव में दहशत और तनाव का माहौल है।
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, दिवाली की रात काशी ठाकुर अपने घर में बैठे हुए थे। इसी दौरान कुमोद ठाकुर घर में घुसा और उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगने से काशी ठाकुर की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन कुछ ही दूरी पर उसकी मोटरसाइकिल से एक व्यक्ति को धक्का लग गया। इसके बाद ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और जमकर पिटाई करने के बाद बांध दिया। सूचना मिलते ही डीएसपी प्रभाकर तिवारी और बिरौल थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी।
वहीं, दरभंगा के वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रेड्डी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के पास से एक पिस्टल, 40 जिंदा कारतूस और दो खोखा बरामद किए गए हैं। घटनास्थल पर चार गोलियां चलाए जाने की बात सामने आई है। एसएसपी के अनुसार, मृतक रिश्ते में आरोपी का चाचा लगता था और दोनों परिवारों के बीच वर्ष 2010 से ही विवाद चल रहा था। हालांकि हत्या के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस सभी पहलुओं पर अनुसंधान कर रही है।
